ब्यूरो डेस्क। चुनाव आयोग की तरफ से जारी विज्ञप्ति के अनुसार सत्रह राज्यों से चुने गए राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो रहा है। सत्रह राज्यों की 55 राज्यसभा सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव 26 मार्च को किया जायेगा।
बता दें कि आयोग के अनुसार चुनाव की अधिसूचना छह मार्च को जारी की जाएगी। महाराष्ट्र की 7, तमिलनाडु की 6, बिहार और पश्चिम बंगाल की 5-5 सीटें हैं। ओडिशा, आंध्रप्रदेश और गुजरात की 4-4 सीटें हैं। असम, मध्यप्रदेश और राजस्थान से 3-3 सीटें हैं। तेलंगाना, छत्तीसगढ़, हरियाणा और झारखंड से 2-2 सीटें हैं। मेघालय, मणिपुर और हिमाचल प्रदेश की एक-एक सीट के लिए भी चुनाव होंगे। इन चुनाव के लिए नामांकन 13 मार्च तक और ज़रूरी होने पर मतदान 26 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। मतपत्र के ज़रिए होने वाले मतदान के बाद मतों की गिनती शाम 4 बजे के बाद होगी।
महाराष्ट्र की सात, ओडिशा की चार, तमिलनाडु की छह, पश्चिम बंगाल की पांच, आंध्र प्रदेश की चार, तेलंगाना की दो, असम की तीन, बिहार की पांच, छत्तीसगढ़ की दो, गुजरात की चार, हरियाणा की दो, हिमाचल की एक, झारखंड की दो, मध्य प्रदेश की तीन, मणिपुर की एक, राजस्थान की तीन और मेघायल की एक राज्यसभा सीटों पर चुनाव होगा। इनमें उपसभापति हरिवंश, मोतीलाल वोरा, रामदास आठवले, दिग्विजय सिंह, डॉ संजय सिंह, कुमारी शैलजा, विजय गोयल, प्रेमचंद गुप्ता, तिरुचि शिवा आदि प्रमुख हैं।
