वाराणसी। एक ओर महंगाई की मार तो दूसरी ओर बाढ़ के कहर ने लोगों की कमर तोड़ दी है। इन दिनों बाजार में सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं,जिसमें प्याज लोगों को खून के आंसू रूला रहा है।
प्याज के बढ़ते दाम के कारण अब गृहणियों के रसोई से यह गायब होता नजर आ रहा है। भीड़ से गुलजार रहने वाली बनारस की सब्जी मंडियों में प्याज देखने को तो मिल रहा है,लेकिन सीमीत मात्रा में होने के कारण इसके दाम में काफी तेजी से बढ़ोत्तरी दिखाई पड़ रही है।
गृहणियों की अगर मानें तो जो प्याज कुछ दिन पहले 20 रूपये किलो बिक रहा था, वही आज 50 से 60 रूपये किलो के भाव में बिक रहा है। इसके कारण लोग अब सलाद के रूप में तो इसका प्रयोग बंद कर ही चुके हैं,बल्कि सब्जी बनाने में भी नाम मात्र का ही कर रहे हैं। दरअसल महराष्ट्र में बाढ़ का प्रकोप आने से प्याज के दाम महंगे हुए हैं, क्योंकि यहीं से प्याज बनारस के मंडियों में पहुंचता है। अब ऐसे में महिलाएं कम प्याज में ही गुजारा करने के लिए मजबूर हैं।
