लखनऊ। बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर में कोरोना वायरस पॉजीटिव मिलने के बाद राजनीति गलियारे सहित आलाधिकारियों में हड़कंप मच गया है। गौरतलब है कि बीते रविवार कनिका लखनऊ के गैलेंट अपार्टमेंट में एक पार्टी में शामिल हुई थी, जिसमें लखनऊ के तमाम बड़े अफसर और कई दिग्गज नेता शामिल हुए थे। उस पार्टी में स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंहसहित जितिन प्रसाद जस्टिस संजय मिश्रा आदि शामिल हुए थे। ताजा जानकारी के अनुसार गौतमबुद्ध नगर के तीनों विधायक, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी समेत करीब 50 पत्रकार भी कोरोना वायरस के साए में आ गए हैं।
बता दें कि कनिका कपूर की लखनऊ पार्टी में शामिल होने वाले उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह गुरुवार को गौतमबुद्ध नगर में थे। उन्होंने गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी में बनाए गए क्वॉरेंटाइन वार्ड का जायजा लिया था। इसके बाद कलेक्ट्रेट में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। जिसमें करीब 50 से ज्यादा नोएडा और ग्रेटर नोएडा के पत्रकार शामिल हुए थे। यदि स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई जाती है तो सभी पत्रकारों की जांच कराई जाएगी।
गौरतलब है कि कनिका 15 मार्च को लंदन से लौटी थीं। यहां एक अपार्टमेंट में रुकीं और ताज होटल में एक पार्टी में शामिल हुईं। कनिका के पॉजिटिव होने की सूचना के बाद से उनकी पार्टी में शामिल हुए लोग भी दहशत में हैं। लखनऊ के गैलेंट अपार्टमेंट में आयोजित उनकी पार्टी में काफी संख्या में लोग शामिल हुए थे। भाजपा के सांसद दुष्यंत सिंह भी इस पार्टी में थे।अब स्वास्थ्य विभाग पार्टी में शामिल बाकी लोगों का पता लगा रहा है।
