गाजीपुर। पिछले एक हफ्ते से लोग गंगा की बाढ़ का कहर झेल रहे हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने की कवायद जारी है, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सरकारी राहत कार्य के तहत सभी तहसीलों में सामग्री बांटी जा रही है। इसी कड़ी में सदर क्षेत्र के करंडा ब्लाक के दीनापुर गांव में मंगलवार को बड़ी संख्या में बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई।
गाजीपुर के एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने लोगों में बाढ़ राहत सामग्री का वितरण किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जनप्रतिनिधियों को बाढ़ ग्रसित क्षेत्रों का दौरा करने का निर्देश दिया है, जिसमें हर संभव लोगों की मदद करने को कहा गया है। राहत सामग्री पाकर लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ गई।
वहीं सदर एसडीएम सत्यवीर सिंह ने बताया कि बाढ़ ग्रस्त इलाकों के लिए राहत सामग्री का वितरण कार्य जारी है। सरकार और शासन की मंशा है कि बाढ़ पीड़ित को किसी तरह की कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।
