वाराणसी। देश में फैली कोरोनावायरस जैसी महामारी से निपटने के लिए सरकार आए दिन कड़े कदम उठा रही है। वहीं अब केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने भी सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने का काम शुरू किया है। एक तरफ जहां उत्तर प्रदेश सरकार ने सभी को मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया है तो वहीं दूसरी तरफ सीआरपीएफ की 95 वीं बटालियन ने मास्क बनाने का काम भी शुरू कर दिया है और लोगों में यह बांटा जा रहा है।
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की 95 बटालियन ने लोगों की जरूरतों को देखते हुए मास्क बनाने का काम शुरू किया है। इसके साथ ही जवान सैनिटाइजेशन का भी काम कर रहे हैं। जानकारी देते हुए 95 वीं बटालियन के कमांडेंट एनपी सिंह ने बताया कि हमने पूरे स्टाफ को मास्क बांट दिया है और अब लोगों में बांटा जा रहा है। उन्होंने बताया कि हर रोज करीब 200 से ढाई सौ मास्क तैयार किए जा रहे हैं और आम जनमानस तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है, ताकि जो गरीब तबके के लोग हैं, वह इस मास्क का उपयोग कर सकें और इस महामारी से खुद को बचा सकें। इसके अलावा जरुरत अनुसार शहर के विभिन्न इलाकों में सैनिटाइजेशन का भी काम किया जा रहा है।
