वाराणसी। बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में भर्ती दो संदिग्धों की शुक्रवार को मौत हो गई। बीएचयू के आईसीयू में भर्ती दोनों संदिग्धों की शुक्रवार को मौत होने के बाद हड़कंप मच गया। बता दें कि मरने वाले वाराणसी के हैं। वहीं बताया जा रहा है कि महिला की रिपोर्ट निगेटिव है और पुरुष की रिपोर्ट आनी बाकी है।
बता दें कि दोनों संक्रमित बुखार की शिकायत पर गुरुवार को अस्पताल पहुंचे थे। एहतियातन जांच के लिए सैंपल भेजा गया था। डाक्टरों की माने तो इन दोनों संक्रमितों की रक्त संबंधी और भी जांच किये गए थे, जिनकी रिपोर्ट अभी नहीं आई है। दोनों की मौत का कारण मल्टी आर्गन फेल्योर बताया जा रहा है। उधर वार्ड में पांच नए संदिग्धों को भर्ती किया गया।
वहीं वार्ड में पहले से ही दस संदिग्ध भर्ती हैं जिनका इलाज चल रहा है। कोरोना को लेकर सैंपलिंग लगातार किया जा रहा है। शुक्रवार को जिला अस्पताल और बीएचयू में 19 सैंपल लिए गए हैं। इसमें जिला अस्पताल में 10 और बीएचयू में 9 सैंपल लिया गया है। अब तक दोनों जगह से भर्ती 12 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया है।
