लखनऊ। बॉलीवुड गायिका कनिका कपूर में कोरोना वायरस पॉजीटिव मिला है। कनिका बीते रविवार को लखनऊ के गैलेंट अपार्टमेंट में एक पार्टी में शामिल हुई थी, जिसमें लखनऊ के तमाम बड़े अफसर और कई नेता शामिल हुए थे। कनिका को लखनऊ के केजीएमयू के आइसोलेशन वॉर्ड में भर्ती किया गया है।
बता दें कि वो 15 मार्च को लंदन से लौटी थीं। यहां एक अपार्टमेंट में रुकीं और ताज होटल में एक पार्टी में शामिल हुईं। कनिका के पॉजिटिव होने की सूचना के बाद से उनकी पार्टी में शामिल हुए लोग भी दहशत में हैं। लखनऊ के गैलेंट अपार्टमेंट में आयोजित उनकी पार्टी में काफी संख्या में लोग शामिल हुए थे। भाजपा के सांसद दुष्यंत सिंह भी इस पार्टी में थे।अब स्वास्थ्य विभाग पार्टी में शामिल बाकी लोगों का पता लगा रहा है।
वहीं कनिका कपूर के पिता ने बताया कि लंदन से आने के बाद कनिका तीन पार्टियों में जा चुकी हैं। इस दौरान वह ज्यादा लोगों से मिलीं है । इनमें शजकीन मिजाज पूर्व सांसद अकबर अहमद डम्पी के यहां पार्टी में शामिल हुई थीं। जिसमें भाजपा के कई बड़े नेता, मंत्री व अधिकारी शामिल हुए थे। वह एक बड़े कारोबारी के घर आयोजित पार्टी में भी गई थीं। होटल ताज में भी एक कैबिनेट मंत्री और कई आईएएस अफसर, पेज थ्री सेलिब्रिटी, नेता और मंत्री शामिल हुए थे।
दोनों ही पार्टियों में कैटरिंग स्टाफ व होटल स्टाफ को हटाकर 500-700 लोग शामिल हुए। कनिका ने कई लोगों के साथ सेल्फी खिंचवाई और हैंडशेक किया। कनिका के परिवार में छह लोग हैं। उनके परिवार की भी स्क्रीनिंग की जाएगी।सूत्रों के मुताबिक, यह पार्टी कांग्रेस के पूर्व सांसद जितिन प्रसाद के ससुर आदेश सेठ ने दी थी। इसमें जितिन प्रसाद, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उनके बेटे भाजपा सांसद दुष्यंत सिंह, उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह और उनकी पत्नी, लोकायुक्त संजय मिश्रा जैसे कई हाईप्रोफाइल लोग इस पार्टी में मौजूद थे। इस पार्टी की कई तस्वीरें सोशल साइट पर वायरल हो रही हैं।
